Home छत्तीसगढ़ Cg News : विद्यार्थियों की प्रगति और बेहतर भविष्य पर संवाद, श्री...

Cg News : विद्यार्थियों की प्रगति और बेहतर भविष्य पर संवाद, श्री दावड़ा यूनिवर्सिटी में PTM संपन्न

52
0

नया रायपुर/ श्री दावड़ा यूनिवर्सिटी में आज बी.ए. तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का सफल आयोजन किया गया। बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, अनुशासन, परीक्षा की तैयारी, अध्ययन की गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
कार्यक्रम में अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उपस्थित होकर सहभागिता की। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं कक्षा में उनकी सहभागिता के संबंध में अभिभावकों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही अभिभावकों से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति को बेहतर बनाने के लिए विश्वविद्यालय के साथ निरंतर संपर्क एवं सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया गया।
जिन विद्यार्थियों के अभिभावक व्यक्तिगत रूप से बैठक में उपस्थित नहीं हो सके, उनसे वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क कर बातचीत की गई। वीडियो कॉल के माध्यम से अभिभावकों को उनके बच्चों की शैक्षणिक स्थिति, उपस्थिति एवं अध्ययन संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना गया। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि किसी भी विद्यार्थी के अभिभावक बैठक से वंचित न रहें।
कार्यक्रम में डीन डॉ. मनीष वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समन्वय में शिवा घृतलहरे, रवि कुमार एवं डॉ. आशुतोष शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर कला संकाय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे, जिनमें संजू मैडम, पियूषा जाधव, दिव्यभूषण कौशिक, नीलिमा खरशन, मोहन मिश्रा, कशिश कृपाल यादव एवं डॉ. पुष्पा भारती सहित कला संकाय के अन्य सभी शिक्षकगण शामिल रहे। शिक्षकों ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं और समस्याओं को समझने का प्रयास किया।
बैठक के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, समय-समय पर दिए गए शैक्षणिक कार्यों को पूरा करने, परीक्षा की तैयारी को गंभीरता से लेने तथा विश्वविद्यालय के अनुशासन एवं नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। अभिभावकों को भी विद्यार्थियों की पढ़ाई पर नियमित ध्यान देने तथा उनके शैक्षणिक विकास में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
PTM के दौरान अभिभावकों ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की प्रगति एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में शिक्षकों से चर्चा की। शिक्षकों द्वारा अभिभावकों की जिज्ञासाओं एवं सुझावों का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डीन डॉ. मनीष वर्मा ने कहा कि विद्यार्थी की सफलता में विश्वविद्यालय और अभिभावकों की संयुक्त भूमिका महत्वपूर्ण होती है। नियमित संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं को समय रहते समझकर उनका समाधान किया जा सकता है तथा उनकी शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत प्रगति को बेहतर दिशा दी जा सकती है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। दावड़ा यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित यह अभिभावक-शिक्षक बैठक विश्वविद्यालय, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।