नवा रायपुर । उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपने दो वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर चुके श्री दावड़ा विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय इंडक्शन डे-2026 “DU Discover You” थीम के साथ 7 अगस्त को भव्य रूप से प्रारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित इस समारोह में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों, विश्वविद्यालय परिवार तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इंडक्शन डे-2026 का आयोजन इसी शैक्षणिक उत्कृष्टता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं राज्यगान के साथ हुआ। इसके पश्चात अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित कुमार साहू, सीजीपीयूआरसी के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार गोयल, छत्तीसगढ़ हिंदी साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के ओएसडी सुशील चंद्र द्विवेदी, शिक्षा विशेषज्ञ मुरली मनोहर देवांगन तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत किया गया।

श्री दावड़ा विवि के संस्थापक और सीईओ चिन्मय दावड़ा ने नवप्रवेशित विद्यार्थी को विवि में प्रवेश और उनके अभिभावकों के भरोसे का आभार प्रकट करते हुए, उनकी अच्छी शिक्षा के लिए विवि को कटिबद्ध बताया । डीजी डॉ. चार्मी दावड़ा ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों को नियमित कक्षा एवं मेहनत के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू ने दावड़ा विवि के ग्रामीण अंचल के युवाओं की शिक्षा के प्रति सजगता की सराहना की। राजिम विधायक रोहित साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा की आज के युवा भविष्य के जागरूक नागरिक है। छत्तीसगढ़ हिन्दी साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शिक्षा और जीवन में अनुशासन की महत्ता पर जोर दिया। वहीं पीएचक्यू से सुशील चंद्र द्विवेदी ने नवप्रवेशित को समय की सदुपयोग और सफल कैरियर के लिए प्रेरित किया। सीजीपीयूआरसी के प्रोफ. विजय कुमार गोयल ने कहा कि युवा जो आज शिक्षार्थी है वह कल के सफल नागरिक होंगे। रायपुर आईएएस थिंक टैंक के डायरेक्टर मुरली मनोहर देवांगन ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को मोटिवेशन स्पीच देते हुए कैरियर ओरिएंटेशन और पीएससी के लिए प्रेरित किया।

समारोह में कुलसचिव श्री विपिन श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय का परिचय एवं उपलब्धियों की जानकारी दी, जबकि प्रति-कुलपति डॉ. वरुण गंजीर ने शैक्षणिक गतिविधियों एवं विश्वविद्यालय की अकादमिक व्यवस्था से विद्यार्थियों को अवगत कराया। इस अवसर पर छात्र आचार संहिता पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया तथा श्री तिरुपति बालाजी एवं माता पद्मावती छात्रवृत्ति के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने राजस्थानी, छत्तीसगढ़ी, कथक, शास्त्रीय एवं योग नृत्य, समूह गीत, फैशन शो, बांसुरी वादन, साइबर अपराध जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक सहित अनेक आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनों की खूब सराहना बटोरी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को जीवंत और उत्साहपूर्ण बना दिया तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सीईओ श्री चिन्मय दावड़ा, महानिदेशक डॉ. चार्मी दावड़ा, प्रति कुलपति डॉ. वरूण गंजीर, कुलसचिव श्री विपिन श्रीवास्तव, डीन ऑफ एकेडमिक्स प्रो. नितिन जायसवाल, विश्वविद्यालय के सभी संकायों के डीन, प्राध्यापकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।




