नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल कर देशभर में टॉप किया है। वहीं राजेश्वरी सुवे एम दूसरे और आकांश धुल तीसरे स्थान पर रहे। UPSC ने कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया है।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 के टॉप 10 में अनुज अग्निहोत्री, राजेश्वरी सुवे एम और आकांश धुल के अलावा राघव झुनझुनवाला, ईशान भटनागर, जीनिया अरोड़ा, ए.आर. राजा मोहद्दीन, पक्षल सेक्रेटरी, आस्था जैन और उज्जवल प्रियांक ने भी जगह बनाई है। इन उम्मीदवारों ने देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने पूरे देश में टॉप किया है। अनुज कोटा के करीब स्थित रावतभाटा के रहने वाले हैं। अनुज अग्निहोत्री की स्कूली शिक्षा रावतभाटा से ही हुई। इसके बाद ग्रेजुएशन के लिए वह जोधपुर आए और एम्स जोधपुर से उन्होंने एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। 2023 में एमबीबीएस की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की थी।
UPSC की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इस साल कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें से 180 उम्मीदवार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में नियुक्त होंगे, जबकि 55 उम्मीदवार भारतीय विदेश सेवा (IFS) और 150 उम्मीदवार भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में जाएंगे। बाकी उम्मीदवारों को अन्य केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति दी जाएगी। हालांकि आयोग ने बताया कि 348 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी फिलहाल प्रोविजनल रखी गई है।
तीन चरणों में होती है UPSC की परीक्षा
UPSC सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। यह परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाती है – प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) मुख्य परीक्षा (Mains) पर्सनैलिटी टेस्ट या इंटरव्यू इन सभी चरणों में सफल होने के बाद ही उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाता है।
कब हुई थी परीक्षा और इंटरव्यू प्रक्रिया
साल 2025 की प्रारंभिक परीक्षा 25 मई को आयोजित की गई थी। इसके बाद मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 के बीच कराई गई। मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। मुख्य परीक्षा के बाद 2,736 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। इंटरव्यू प्रक्रिया 5 जनवरी 2026 से शुरू होकर 27 फरवरी 2026 तक चली।
15 दिनों में वेबसाइट पर अपलोड होंगे मार्क्स
UPSC ने जानकारी दी है कि अंतिम परिणाम जारी होने के 15 दिनों के भीतर सभी उम्मीदवारों के अंक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। उम्मीदवार वहां जाकर अपने मार्क्स देख सकेंगे।



