मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में सोशल मीडिया के जरिए हनी ट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवक को जाल में फंसाने वाली युवती और उसके साथियों ने नग्न वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए 56 हजार रुपये की वसूली कर ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भदनपुर क्षेत्र का रहने वाला युवक कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर एक युवती के संपर्क में आया था। बातचीत धीरे-धीरे बढ़ी और युवती ने उसे मैहर स्थित अपने कमरे पर मिलने के लिए बुलाया। युवक जब वहां पहुंचा तो पहले उसे खाने-पीने के लिए दिया गया। आरोप है कि उसे डोसा खिलाकर बेहोश करने की कोशिश की गई।
इसके बाद रात करीब 1:30 बजे तक युवक को कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। इसी दौरान युवती के तीन अन्य साथी कमरे में पहुंचे और युवक के साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसकी नग्न अवस्था में वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। डर और दबाव में आकर युवक से यूपीआई के माध्यम से 56 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
घटना के बाद पीड़ित ने साहस जुटाकर मैहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी युवती और उसके एक पुरुष साथी को गिरफ्तार कर लिया। युवती के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं, जिनकी डिजिटल जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यह संगठित गिरोह हो सकता है, जो सोशल मीडिया के जरिए युवकों को निशाना बनाता था। दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




