सूरजपुर : जिले में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर एक भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसने कुछ ही पलों में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एस्सार पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार मालवाहक पिकअप अनियंत्रित होकर हवा में उछलती हुई चलती स्विफ्ट डिजायर कार के ऊपर जा गिरी। इस सनसनीखेज घटना का पूरा दृश्य पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार स्विफ्ट डिजायर कार सूरजपुर से बिश्रामपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही कार पेट्रोल पंप की ओर मुड़ी, उसी समय अंबिकापुर की दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन चालक संतुलन खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप अचानक उछली और सामने से आ रही कार के ऊपर पलट गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि पिकअप कुछ सेकंड तक कार के ऊपर ही अटकी रही, जिससे टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
हादसा इतना जबरदस्त था कि स्विफ्ट डिजायर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चालक केबिन में फंस गया। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर कटर मशीन की मदद से कार को काटा और अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला। घायल चालक को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
राहत की बात यह रही कि पिकअप चालक टक्कर से पहले ही वाहन से बाहर गिर गया था, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि उसे भी हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया।
सूचना मिलते ही बिश्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।




