Home छत्तीसगढ़ Cg News : डिजिटल क्रॉप सर्वे से खेत-खेत दर्ज हो रही फसल...

Cg News : डिजिटल क्रॉप सर्वे से खेत-खेत दर्ज हो रही फसल की वास्तविक जानकारी, धान खरीदी की राह होगी आसान

 रायपुर / किसानों की फसलों की वास्तविक एवं अद्यतन जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज करने के उद्देश्य से बलरामपुर जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य तेजी से जारी है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में राजस्व अधिकारियों एवं सर्वे टीम द्वारा खेतों तक पहुंचकर मौके पर बोई गई फसल का सत्यापन किया जा रहा है और उसकी जानकारी डिजिटल एप में दर्ज की जा रही है।

डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान सर्वे टीम खेत में मौजूद फसल का प्रत्यक्ष अवलोकन कर फसल का सत्यापन करती है। इसके बाद संबंधित खेत में बोई गई फसल की फसलवार जानकारी एप के माध्यम से डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज की जा रही है। कलेक्टर के निर्देशन में राजस्व अधिकारी भी फील्ड में पहुंचकर सर्वे कार्य की प्रगति का निरीक्षण कर रहे हैं तथा आवश्यकतानुसार मौके पर सत्यापन सुनिश्चित किया जा रहा है।

फसलवार सटीक आंकड़ों से बनेगा बेहतर योजनाओं का आधार

डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से जिले में फसलों की वास्तविक और फसलवार जानकारी उपलब्ध होगी। इससे कृषि क्षेत्र से संबंधित आंकड़ों को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और फसल आधारित नीतियों के लिए विश्वसनीय डिजिटल डाटा उपलब्ध हो सकेगा।

धान खरीदी की प्रक्रिया में मिलेगी सुविधा

डिजिटल रूप से दर्ज फसल संबंधी जानकारी आगामी धान खरीदी व्यवस्था को भी अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में सहायक होगी। खेत में वास्तव में कौन-सी फसल बोई गई है, इसकी अद्यतन जानकारी उपलब्ध होने से धान खरीदी से संबंधित प्रक्रियाओं को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

किसानों से सर्वे में सहयोग की अपील

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि डिजिटल क्रॉप सर्वे टीम के खेत पर पहुंचने पर सही फसल की जानकारी उपलब्ध कराएं और सर्वे कार्य में आवश्यक सहयोग करें। किसानों के सहयोग से उनके खेत का डिजिटल रिकॉर्ड सही एवं अद्यतन दर्ज किया जा सकेगा। डिजिटल क्रॉप सर्वे किसानों की फसल संबंधी वास्तविक जानकारी को डिजिटल रूप से सुरक्षित करने के साथ कृषि व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सटीक और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।