Home छत्तीसगढ़ Emploment News : इजराईल में होम बेस्ट केयर गिवर पदों के लिए...

Emploment News : इजराईल में होम बेस्ट केयर गिवर पदों के लिए ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित

ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से कर सकते हैं ऑनलाईन आवेदन

राजनांदगांव । नेशनल स्कीम डेव्हलपमेंट कार्पोरेशन (एनएसडीसी) अंतर्गत भारत-इजराईल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट किया गया है। जिसके तहत छत्तीसगढ़ शासन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा इजराईल में होम बेस्ड केयर गिवर के लिए विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उप संचालक रोजगार श्री व्हीके केडिया ने बताया कि इजराईल में होम बेस्ड केयर गिवर के लिए पदों की कुल संख्या 3500 है। वेतन लगभग 2 लाख रूपए प्रतिमाह एवं अनुबंध दो वर्ष के लिए किया गया है, जिसे आवश्यकतानुसार बढ़ाया जा सकता है। पद के लिए आवश्यक मापदंड आयु 25 से 45 वर्ष, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण, इंटरमिडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय, न्यूनतम 3 वर्ष का वैध पासपोर्ट, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ, लंबाई 1.5 मीटर से अधिक, वजन 45 किलोग्राम से अधिक, इसके पूर्व इजराइल में कार्य न किया हो एवं वांछनीय शैक्षणिक योग्यता चाही गई है। साथ ही भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे का ओजेटी सहित केयर गिविंग प्रमाण पत्र अनिवार्य है। जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, आक्जलरी नर्स मिडवाईफ, जनरल नर्स मिडवाईफ, बीएससी (नर्सिंग), फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट व मिडवाईफ में कोई एक प्रमाण पत्र चाही गई है। सेवा प्रदान करने वाले आवेदकों को नियोजक द्वारा आवास एवं भोजन की सुविधा दी जाएगी। साथ ही चिकित्सा बीमा उपलब्ध रहेगा। 9 दिनों का राष्ट्रीय अवकाश तथा 16 दिनों की वार्षिक अवकाश दी जाएगी। सप्ताह में 6 दिन कार्य दिवस रहेगा।
होम बेस्ड केयर गिवर के लिए इच्छुक एवं पात्र आवेदक को रोजगार पोर्टल पर ऑनलाईन पंजीयन करना होगा। दस्तावेज एवं पात्रता की जांच की जाएगी। मार्गदर्शन एवं जानकारी दिया जाएगा। दस्तावेज का सत्यापन किया जाएगा। स्वास्थ्य परीक्षण एवं पुलिस क्लियरेंस किया जाएगा। इजराईल नियोजक का वीडियो साक्षात्कार एवं इजराईल नियोजक द्वारा अंतिम चयन किया जाएगा। चयन होने पर मिलने वाले वेतन से चिकित्सा बीमा, आवास भत्ता, भोजन एवं अतिरिक्त कटौती की जाएगी। आवेदक को कटौती करने के पश्चात 1 लाख 99 हजार 770 रूपए प्रतिमाह वेतन प्राप्त होगा। भर्ती के लिए इच्छुक एवं पात्र आवेदक अपना पंजीयन शीघ्र ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से करा सकते है। इस संबंध में किसी भी प्रकार के शंका या संदेह के समाधान एवं अन्य जानकारी के लिए कार्यालय जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र राजनांदगांव से संपर्क किया जा सकता है। इस संबंध में दलालों से विशेष सावधान रहने कहा गया है।